Select Page

CM Yogi Adityanath ने दो दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारम्भ किया

CM Yogi Adityanath ने दो दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारम्भ किया

CM Yogi Adityanath: आकांक्षा हाट प्रदेश के विभिन्न जनपदों की महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी प्रतिभा और योगदान को सम्मानित करने का एक सामूहिक प्रयास

CM Yogi Adityanath ने कहा कि आकांक्षा हाट, प्रदेश के विभिन्न जनपदों की महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी प्रतिभा और योगदान को सम्मानित करने का एक सामूहिक प्रयास है।

मुख्यमंत्री जी यहां आकांक्षा हाट के शुभारम्भ कार्यक्रम के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने दो दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारम्भ किया और उत्तर प्रदेश की पहली डबल डेकर ई0वी0 बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस वातानुकूलित नगर बस सेवा की प्रथम यात्रा आकांक्षा दीदियों और छात्राओं ने की।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आकांक्षा समिति के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश की पहली डबल डेकर ई0वी0 बस का आज शुभारम्भ हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि डबल डेकर ई0वी0 बस में महिला यात्रियों को टिकट में 50 प्रतिशत की छूट और शनिवार को महिलाओं के लिए हैरिटेज टूर हेतु टिकट की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। प्रदेश सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट निरन्तर मजबूत हो रहा है। हिन्दुजा ग्रुप लखनऊ में इलेक्ट्रिक व्हिकल का एक प्लाण्ट स्थापित कर रहा है, जो बहुत शीघ्र प्रोडक्शन का कार्य प्रारम्भ कर देगा। इस प्लाण्ट के क्रियाशील होने से लोगों को रोजगार मिलेगा, ट्रांसपोर्ट की सुविधा में वृद्धि होगी तथा पर्यावरण को बचाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आकांक्षा समिति की स्थापना वर्ष 1987 में की गयी थी। यह समिति विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित समुदायों की महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आकांक्षा समिति ने महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ अनेक रचनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। इनमें आकांक्षा दीदी की शुरुआत एक प्रशंसनीय कदम है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूह महिला स्वावलम्बन का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूह का बेहतरीन उदाहरण है। श्रीमती रचना पाल व उनकी सहयोगियों द्वारा बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। 05 महिलाओं से शुरू हुए इस समूह से वर्तमान में 71 हजार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इस समूह से जुड़ी महिलाएं प्रतिमाह 08 से 10 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। समूह का सैकड़ों करोड़ रुपये का टर्नओवर है। इस समूह की महिलाएं सामान्य ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़ी हुई हैं, जो बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। इसी प्रकार के समूह प्रदेश के अन्य जनपदों में भी बन सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने 05 नये क्षेत्रों को धनराशि उपलब्ध करायी है। लोग इनसे जुड़कर अपने कार्याें को आगे बढ़ा सकते हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रोडक्ट की क्वालिटी, ब्राण्डिंग, पैकेजिंग, डिजाइनिंग, मार्केटिंग व एक्सपोर्ट को लेकर कुछ नया काम हो सकता है। आकांक्षा समिति का मार्गदर्शन महिला स्वयं सहायता समूहों को जनपदों में भी प्राप्त हो, तो बहुत अच्छा कार्य हो सकता है। महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रोडक्ट या ओ0डी0ओ0पी0 काफी बड़े पैमाने पर प्रदेश में नये महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार के सृजन और स्वावलम्बन की ओर अग्रसर करने में सहायक हो सकते हैं। इन प्रोडक्ट्स को तकनीक से जोड़ने या अन्य राज्यों के साथ एम0ओ0यू0 के माध्यम से हम इस कार्यक्रम को और अच्छा बना सकते हैं। इस दिशा में आकांक्षा समिति द्वारा नई शुरुआत की गयी है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत वर्ष यू0पी0 इण्टरनेशनल टेªड शो ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया। टेªड शो में लाखों लोगों ने हर जनपद के प्रोडक्ट को देखा। इस वर्ष इस टेªड शो में 05 लाख से अधिक लोग आए। अब लोग उत्तर प्रदेश में आना चाहते हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ना चाहते हैं। आकांक्षा समिति इन लोगों को जोड़ने का माध्यम बन सकती है। आकांक्षा समिति का रचनात्मक अभियान निरन्तर आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री जी ने आकांक्षा समिति को समाज की रचनात्मक भावनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए डॉ0 रश्मि सिंह व उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यदि हर जनपद में वहां की आकांक्षा समिति हर विकास खण्ड व नगर निकायों में एक-एक महिला स्वयं सहायता समूह को लेकर कार्य करे, तो एक साथ अनेक समूह कार्य करते दिखायी देंगे। इससे आधी आबादी का विश्वास आकांक्षा समिति के साथ जुड़ेगा और वह विश्वास आकांक्षा समिति व समिति के रचनात्मक कार्यों के प्रति आम जनमानस का समर्थन और आशीर्वाद होगा। आकांक्षा समिति लखनऊ तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के सभी जनपदों में कार्य करे।

मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम में आकांक्षा मसाला मठरी केन्द्र के सफल संचालन में योगदान के लिए 03 महिलाओं (सुश्री लक्ष्मी, सुश्री कौशल्या व सुश्री अलीमा) को ‘आकांक्षा दीदी परिश्रम सम्मान’ से सम्मानित किया। उन्होंने 05 महिला उद्यमियों को ‘आकांक्षा महिला उद्यमी सम्मान’ से सम्मानित किया। इनमें सुश्री रंजना पाल (समूह सखी बलिनी डेयरी), सुश्री ममता सिंह (ड्रोन सखी), सुश्री उर्वशी (बी0सी0 सखी), सुश्री राजश्री शुक्ला (विद्युत सखी) और सुश्री गुंजन देवी (महिला स्वयं सहायता समूह-बेकरी इकाई) शामिल हैं।

मुख्यमंत्री जी ने ‘आकांक्षा विशिष्ट युवा प्रतिभा सम्मान’ के अन्तर्गत अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित उत्तर प्रदेश की कुश्ती खिलाड़ी सुश्री दिव्या काकरान और गायिका सुश्री मैथिली ठाकुर को सम्मानित किया। इसके अलावा, उन्होंने ’आकांक्षा आरोग्य परियोजना‘ के अन्तर्गत एक महिला को वित्तीय सहायता का चेक भी प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी के समक्ष आकांक्षा समिति द्वारा शुरू की जाने वाली नई परियोजनाओं और साझेदारियों के अन्तर्गत 04 एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा आकांक्षा समिति के मध्य एम0ओ0यू0 किया गया। इसके अन्तर्गत विभिन्न जनपदों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, क्वालिटी एश्योरेंस, बिक्री तथा ब्राण्डिंग के लिए सहयोग किया जाएगा। राज्य शहरी आजीविका मिशन जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश हैण्डीक्राफ्ट्स डेवलपमेन्ट एण्ड मार्केटिंग कॉरपोरेशन तथा एम0एस0एम0ई0 और निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश के मध्य एम0ओ0यू0 किया गया। इसका उद्देश्य दोनों राज्यों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों व हस्तशिल्प के प्रोत्साहन हेतु मार्केट लिंकेज का कार्य है।

तीसरा एम0ओ0यू0 साउथ एशियन विमेन इन टेक (साविट) तथा आकांक्षा समिति के मध्य किया गया। इस एम0ओ0यू0 का उद्देश्य लाभार्थियों को ए0आई0 तकनीक तथा डिजिटल स्किल का प्रशिक्षण प्रदान करना है। ट्रेनिंग में उच्च शिक्षण संस्थानों की छात्राओं को वरीयता दी जाएगी। आकांक्षा समिति प्रशिक्षणार्थियों के चयन के साथ-साथ सामुदायिक सहयोग तथा लॉजिस्टिकल सपोर्ट भी प्रदान करेगी। चौथा एम0ओ0यू0 आर्ट ऑफ लिविंग एवं आकांक्षा समिति के मध्य सम्पन्न हुआ। इसके अन्तर्गत महिला सशक्तीकरण, टिकाऊ कृषि, जल संरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य और कौशल विकास के कार्य किये जाएंगे। उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक व आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ0 रश्मि सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान, कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती मोनिका एस0 गर्ग, प्रमुख सचिव नगर विकास श्री अमृत अभिजात, आकांक्षा समिति की सचिव श्रीमती प्रियंका प्रियदर्शी, आकांक्षा समिति की पदाधिकारी सहित विभिन्न जनपदों के महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यगण उपस्थित थीं।

source: https://information.up.gov.in/hi

About The Author

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *